एआईएमआईएम के राष्ट्रीय प्रवक्ता आदिल हसन ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत पर बांकीपुर की जनता को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के मतदाताओं ने लोकतंत्र में एक खूबसूरत उदाहरण पेश किया है और अपने मताधिकार का प्रभावी उपयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया है।
आदिल हसन ने अपने बयान में कहा कि जनता ने अपने जनादेश के माध्यम से यह संदेश दिया है कि लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का ही होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी अहंकार में डूब गई थी और बांकीपुर की जनता ने अपने मतदान से उस अहंकार को जवाब दिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस जनादेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा भाजपा नेतृत्व के राजनीतिक अहंकार को चुनौती दी है।
उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर की जीत बिहार की राजनीति में एक नई शुरुआत का संकेत है। आदिल हसन के अनुसार, लोकतंत्र में सत्ता जनता देती है और जनता ही समय आने पर उसे बदलने का अधिकार भी रखती है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर के मतदाताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने वाला निर्णय लिया है।