मुख्यमंत्री ने गयाजी से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतराष्ट्रीय उड़ान सेवा का किया शुभारंभ

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गयाजी से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतराष्ट्रीय उड़ान सेवा (6E 1083) का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

पटना : बिहार में अंतराष्ट्रीय हवाई संपर्कता के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गयाजी से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की पहली नॉन-स्टॉप अंतराष्ट्रीय उड़ान सेवा (6E 1083) का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस नई हवाई सेवा से बिहार की अंतराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और विशेष रूप से मगध क्षेत्र में पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यात्रा करने वाले सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बिहार में नागरिक उड्डयन के क्षेत्र में लगातार विस्तार किया जा रहा है। गयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से गयाजी का अंतर्राष्ट्रीय संपर्क और सुदृढ़ होगा। इससे भगवान बुद्ध की ज्ञान एवं करुणा की भूमि बिहार और थाईलैंड के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा- गयाजी विश्वभर के बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष महत्व रखता है

मुख्यमंत्री ने कहा कि गयाजी विश्वभर के बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष महत्व रखता है। सीधी अंतर्राष्ट्रीय उड़ान उपलब्ध होने से विदेशों से आने वाले पर्यटकों को सुविधा मिलेगी और बोधगया सहित पूरे मगध क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं का विस्तार होगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और अन्य पर्यटन आधारित व्यवसायों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए बेहतर हवाई संपर्कता महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा- पटना, दरभंगा, गयाजी और पूर्णिया एयरपोर्ट के माध्यम से एयर कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया जा रहा है

मुख्यमंत्री ने इस पहल में सहयोग के लिए इंडिगो एयरलाइंस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए सहयोग और समन्वय को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पटना, दरभंगा, गयाजी और पूर्णिया एयरपोर्ट के माध्यम से एयर कनेक्टिविटी को बढ़ावा दिया जा रहा है। बिहार में नये अंतर्राष्ट्रीय मार्गों पर हवाई सम्पर्कता बढ़ाने की नीति पर काम किया जा रहा है। इंडिगो एयरलाइंस से इस दिशा से सहयोग की अपेक्षा है। बेहतर हवाई संपर्कता से बिहार को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नई संभावनाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी। 

कार्यक्रम में इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आरके सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर किया स्वागत

गयाजी से बैंकॉक के बीच यह उड़ान सेवा सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यह पहल बिहार को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाने तथा राज्य के विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। कार्यक्रम में इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आरके सिंह ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया। आरके सिंह ने मुख्यमंत्री को गयाजी-बैंकॉक मार्ग पर इंडिगो एयरलाइंस की प्रथम नॉनस्टॉप उड़ान का सांकेतिक रूप से बोर्डिंग पास भेंट किया।

CM सम्राट के साथ दोनों डिप्टी सीएम के अलावा कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आरके सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे। जबकि गयाजी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विधायकगण, जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी, अन्य वरीय अधिकारीगण एवं इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारी मौजूद थे।

Trending News

जमुई पुलिस की बड़ी कामयाबी: बिजली तार चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
26 अक्टूबर 2026, 5:38 PM
'देखिए तीनों गद्दारों का क्या हाल है' अनंत सिंह मामले पर तेजस्वी यादव का तीखा हमला, बोले-वापसी का सवाल ही नहीं
26 अक्टूबर 2026, 5:28 PM
संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस का शुभारंभ, टाटानगर रेलवे स्टेशन से जयपुर तक जाएगी, खाटू श्याम मंदिर भी...
26 अक्टूबर 2026, 5:00 PM
दीपावली एवं छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर नगर निगम में विशेष बैठक आयोजित
26 अक्टूबर 2026, 4:59 PM
मुख्यमंत्री ने कैमूर के परसिया में श्री भाष्यकार श्रीरामानुजाचार्य सहस्राब्दी महामहोत्सव व अंतराष्ट्रीय धर्म सम्मेलन का किया शुभारंभ
26 अक्टूबर 2026, 4:45 PM