पटना : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज नेहरु पथ पर चल रहे पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने इनकम टैक्स गोलंबर, हाई कोर्ट चौराहा एवं हनुमान मंदिर के समीप पहुंचकर निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया व संबंधित अधिकारियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पटना मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2028 तक पूर्ण करें। परियोजना के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करें।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो
उन्होंने कहा कि जेडी विमेंस कॉलेज और हाईकोर्ट चौराहा-बिहार म्यूजियम के पास नेहरु पथ पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराएं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए व्यवस्थित एवं समन्वित तरीके से कार्य किया जाए। निर्माण स्थलों के आसपास यातायात प्रबंधन, आवागमन की सुगमता और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर उन्होंने जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य इस प्रकार संचालित किए जाएं कि शहरवासियों के दैनिक आवागमन पर न्यूनतम प्रभाव पड़े और विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा जाए।
'परियोजना के निर्माण में तेजी लाने के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए'
मुख्यमंत्री ने पटना मेट्रो रेल परियोजना को राजधानी की परिवहन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के निर्माण में तेजी लाने के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
CM सम्राट के साथ डिप्टी सीएम, कई मंत्री के अलावा कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री शीला कुमारी, नगर विकास एवं आवास विभाग सह वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, पटना मेट्रो रेल परियोजना के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर पुडुकलकट्टी, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अनिमेश कुमार परासर, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार व वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।