सैयद अता हसनैन बने बिहार के नए राज्यपाल, शपथ ग्रहण में नीतीश और दोनों डिप्टी CM रहे मौजूद

बिहार के नए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने लोक भवन में राज्यपाल पद की शपथ ली. पटना हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संगम कुमार साहू ने नए राज्यपाल को शपथ दिलाई

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 14, 2026, 11:36:00 AM

बिहार के नए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने लोक भवन में राज्यपाल पद की शपथ ली. पटना हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संगम कुमार साहू ने नए राज्यपाल को शपथ दिलाई. 12 मार्च को ही नए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन पटना पहुंचे थे. आज (शनिवार) शपथ ग्रहण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.

नए राज्यपाल के शपथ ग्रहण से पहले प्रशासनिक स्तर पर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई थी. समारोह को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर लोक भवन में सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाएं की गई थीं. नए राज्यपाल के पटना पहुंचने पर भी उनका भव्य स्वागत किया गया था. बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया था. बिहार सरकार की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

सैयद अता हसनैन, करीब 40 सालों तक भारतीय सेना में सेवा दे चुके हैं। अपने सैन्य करियर के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई।

उनके नेतृत्व में सेना में कई सामाजिक पहल शुरू की गई, जिनमें युवाओं के लिए शिक्षा, खेल-रोजगार से जुड़े कार्यक्रम शामिल रहे। इससे कश्मीर के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश की गई।

सेना से सेवानिवृत्ति के बाद भी वे राष्ट्रीय सुरक्षा और रणनीतिक मामलों से जुड़े रहे। उन्हें (NDMA) का सदस्य बनाया गया, जहां उन्होंने आपदा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों में योगदान दिया।