पटना के 14 मार्गों पर 50 जगह अत्याधुनिक ग्रीन बस स्टॉप बनेंगे, डिजिटल बोर्ड पर आगमन प्रस्थान की सटीक जानकारी मिलेगी

शहर के 14 मार्गों पर 50 जगह अत्याधुनिक ग्रीन बस स्टॉप का निर्माण होगा। पटना समेत राज्य के बड़े शहरों में 500 ग्रीन बस स्टॉप बनाने की योजना है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 16, 2026, 3:34:00 PM

शहर के 14 मार्गों पर 50 जगह अत्याधुनिक ग्रीन बस स्टॉप का निर्माण होगा। पटना समेत राज्य के बड़े शहरों में 500 ग्रीन बस स्टॉप बनाने की योजना है। पहले फेज में पटना में स्टॉपेज बनेंगे। इसके लिए सर्वे चल रहा है। यहां रेलवे स्टेशन जैसी सुविधा मिलेगी। 

डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर बसों के रूट, आगमन और प्रस्थान समय की सटीक जानकारी मिलेगी। एनाउंसमेंट सिस्टम भी होता रहेगा। बस आने से आधा घंटा पहले एनाउंसमेंट होगा। यात्रियों के लिए पेयजल की व्यवस्था होगी। सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। यहां बस नहीं रोकने वाले ड्राइवर और कंडक्टर पर सख्त कार्रवाई होगी। बस स्टॉपेज क्यूआर कोड लगा होगा, जिससे यात्री खुद ही टिकट काट सकेंगे।

इससे पहले स्मार्ट सिटी ने 18 से अधिक जगहों पर स्मार्ट बस स्टॉप का निर्माण किया था। इन पर 23 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। लेकिन, ये बस स्टॉप पूरी तरह से बेकार हो चुके हैं। गांधी मैदान, अशोक राजपथ, कुर्जी, अटल पथ, जीपीओ गोलंबर, तारामंडल, हाईकोर्ट और इंटरमीडिएट काउंसिल सहित कई इलाकों में यही स्थिति है। कई बस पड़ावों पर डिस्प्ले बोर्ड बंद पड़े हैं, लाइटें काम नहीं करतीं और शेड टूट चुके हैं। यात्रियों का कहना है कि बसें भी अक्सर यहां नहीं रुकतीं। उन पर अवैध कब्जा हो गया है। कहीं दुकान खुल गई है तो कहीं कपड़ा सुखाया जा रहा है। फिर से नई परियोजना लाई जा रही है।