बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार देर शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के नेहरू रोड पर पिलर नंबर 17 के पास 55 वर्षीय उर्मिला देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उर्मिला देवी खाजपुरा के एक निजी नर्सिंग होम में सफाई का काम करती थीं और रोज की तरह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश ने उन्हें निशाना बनाया। गोली सीधे उनके सिर में लगी और वह सड़क पर ही गिर पड़ीं। आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वारदात के बाद आरोपी दानापुर की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी चंद्र प्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से एक कारतूस मिला है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस हत्या ने तब नया मोड़ ले लिया, जब परिजनों ने छोटे दामाद मुकेश कुमार पर हत्या का शक जताया।
परिवार का आरोप है कि सबसे छोटी बेटी अपने पति की मारपीट से परेशान होकर मायके में रह रही थी। दामाद दूसरी शादी करना चाहता था और बेटी को लगातार जान से मारने की धमकी देता था।
परिजनों का यह भी दावा है कि आरोपी के पास अवैध हथियार है और उसकी आपराधिक प्रवृत्ति रही है। उर्मिला देवी ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, क्योंकि उनके पति मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
पटना से आभा की रिपोर्ट