पटना: राष्ट्रीय लोक मोर्चा युवा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद राहुल कुशवाहा मंगलवार को पहली बार पटना पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कुशवाहा ने कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनका लक्ष्य पार्टी से करोड़ों युवाओं को जोड़ना और संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाना है।
मीडिया से बातें करते हुए राहुल कुशवाहा ने देशभर में चल रहे Gen-Z आंदोलन को लेकर युवाओं का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि Gen-Z की मांगें जायज हैं और युवाओं की आवाज को सरकार तक पहुंचाने के लिए वह प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में युवाओं को एनडीए की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जाएगा। बिहार की धरती जेपी आंदोलन, भगवान गौतम बुद्ध और सम्राट अशोक की कर्मभूमि रही है। बिहार का गौरवशाली इतिहास रहा है और अब यहां के युवा संगठित होकर एक नया इतिहास रचेंगे।
राहुल कुशवाहा ने कहा कि संगठन की ताकत इतनी मजबूत बनाई जाएगी कि वह सैकड़ों विधायकों के बराबर प्रभाव रख सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता युवाओं को जोड़ना और राष्ट्रीय लोक मोर्चा युवा संगठन को मजबूत करना है।