मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटनावासियों को गुरुवार को बड़ी सौगात दी। अब पटना मेट्रो का दायरा और बढ़ गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दो नए मेट्रो स्टेशन मलाही पकड़ी और खेमनीचक का उद्घाटन किया। इसके बाद दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी व बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत अन्य के साथ सीएम ने मेट्रो में सफर भी किया। मुख्यमंत्री मलाही पकड़ी से भूतनाथ तक गए, करीब 5 मिनट में ये सफर पूरा हुआ। उनके साथ मंत्री नीतीश मिश्रा, जदयू नेता संजय सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत अन्य अधिकारी भी थे।
पटनावासियों को अब न्यू आईएसबीटी से मलाही पकड़ी तक पांच स्टेशनों के बीच मेट्रो की सुविधा मिल गई है। इस खंड में न्यू आइएसबीटी, जीरो माइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, खेमनीचक स्टेशन पर निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। इसलिए मेट्रो ट्रेन इस स्टेशन से होकर तो गुजरेगी, लेकिन फिलहाल यहां स्टॉपेज नहीं है।। स्टेशन पूरी तरह तैयार होने के बाद यात्रियों के लिए इसे खोल दिया जाएगा। मलाही पकड़ी तक मेट्रो का अधिकतम किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं न्यू आइएसबीटी से भूतनाथ स्टेशन तक किराया 15 रुपये रहेगा।
मलाही पकड़ी मेट्रो की शुरुआत होने से अब 6.2 KM की दूरी 15 मिनट में तय होगी। ISBT से मलाही पकड़ी का किराया 30 रुपए होगा। पहले भूतनाथ तक 15 रुपए लगते थे। रूट बढ़ने के बाद फेरे 24 से घटकर 22 रह जाएंगे। एक चक्कर पूरा करने में 35 मिनट लगेंगे। हर 35 मिनट पर मेट्रो मिलेगी।
बता दें कि पटना शहर में 31.9 किमी लंबी मेट्रो लाइन का निर्माण हो रहा है। इस पर 13,365 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं। दानापुर से पटना सिटी तक का इलाका शामिल है। प्रथम चरण के पहले कॉरिडोर में 6 अक्टूबर 2025 को आईएसबीटी से भूतनाथ तक करीब 3.2 किलोमीटर मेट्रो सेवा शुरू की गई थी। अब करीब आठ महीने बाद आज दो जुलाई को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो सेवा का विस्तार किया। अब आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक लगभग छः किलोमीटर तक मेट्रो सेवा उपलब्ध होगी, जिससे लोगों का आवागमन और अधिक आसान हो जाएगा।
बतातें चलें कि मलाहीपकड़ी के आगे मेट्रो को भूमिगत मार्ग पर संचालित करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। यह पीएमसीएच, गांधी मैदान, डाकबंगला होते हुए पटना जंक्शन तक पहुंचेगी। इस रूट पर राजेंद्र नगर, मोइन-उल-हक स्टेडियम, पटना साइंस कॉलेज, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी सहित छह भूमिगत मेट्रो स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है।