पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर, गैराज संचालक की हत्या का आरोपी घायल, पैर में लगी गोली

पटना के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में कल्याण बिगहा रोड के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ (एनकाउंटर) हुई है. इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी सौरभ सिंह (उम्र 28 वर्ष, निवासी कंकड़बाग, पटना) के पैर में गोली लगी है.

पटना के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में कल्याण बिगहा रोड के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ (एनकाउंटर) हुई है. इस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी सौरभ सिंह (उम्र 28 वर्ष, निवासी कंकड़बाग, पटना) के पैर में गोली लगी है. 

पटना पुलिस और एसटीएफ ने सौरभ सिंह के अलावा उसके दो अन्य शूटर साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने इसके पास से मौके से 2 हथियार, 2 मैगजीन और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. सबूत इकट्ठा करने के लिए एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया गया है. सौरभ सिंह के पैर में गोली लगी है, जिसका अस्पताल में इलाज कराकर पुलिस एम्बुलेंस से पटना लेकर चली गई. घटना 4  से 5 बजे भोर की बताई गई है. आरोपी सौरभ सिंह कंकड़बाग पटना का रहने वाला है.

सौरभ सिंह 26 सितंबर को पटना के रामकृष्ण नगर (भूपतिपुर) इलाके में हुए गैराज संचालक अंजनी नंदन कुमार की हत्या का मुख्य आरोपी है. आरोप है कि उसने बिल्डर से 20 लाख रुपए की सुपारी लेकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था. पुलिस के अनुसार, आरोपी सौरभ सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें हत्या के 2 और आर्म्स एक्ट के 2 मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य मामलों की जांच व सत्यापन जारी है. इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पटना एसटीएफ और बाढ़ एसडीपीओ-2 के नेतृत्व में पुलिस को इनपुट मिला था कि आरोपी बख्तियारपुर की तरफ आने वाले हैं. जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से सौरभ सिंह घायल हो गया. घायल हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.

पुलिस अधिकारी के अनुसार, रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में 27 सितंबर को कांड संख्या 1035/26 के तहत अंजनी कुमार नामक व्यक्ति की हत्या का मामला दर्ज किया गया था. इस मामले की जांच के क्रम में एसटीएफ और पटना पुलिस की संयुक्त छापामारी में 24 अक्टूबर को तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया था. जिसमें लखीसराय जिला के बड़हिया निवासी स्व. प्रशांत सिंह के पुत्र सौरभ सिंह (सौरभ कुमार), मुंगेर जिला के धरहरा निवासी संजय कुमार दुबे के पुत्र समर्थ दुबे और खगड़िया जिला के गोगरी निवासी मुकेश मिश्रा के पुत्र दीपांशु मिश्रा का नाम शामिल है.

पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपियों ने अपना जुर्म कबूला था. बयान के दौरान मुख्य आरोपी सौरभ सिंह ने जानकारी दी कि अंजनी कुमार की हत्या में इस्तेमाल हथियार को बख्तियारपुर थाना क्षेत्र स्थित कल्याण बीघा रोड पर नमो गंगे प्रोजेक्ट के पास झाड़ियों में छिपाकर रखा गया है. सूचना के सत्यापन और हथियार बरामदगी के लिए जब रामकृष्ण नगर और बख्तियारपुर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो आरोपी सौरभ सिंह ने झाड़ी से लोडेड पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया. इस दौरान उसने पुलिस की गाड़ी पर भी गोली चलाई, जो बोनट व हेडलाइट के पास लगी.

जवाबी कार्रवाई में रामकृष्ण नगर थाने की सब-इंस्पेक्टर (एसआई) पूजा कुमारी द्वारा जवाबी फायरिंग की गई. इस कार्रवाई में मुख्य आरोपी सौरभ सिंह के बाएं पैर (घुटने के नीचे) में गोली लगी और पुलिस ने उसे काबू में कर लिया. घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी बख्तियारपुर भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया है. वहीं, इस घटनाक्रम के दौरान महिला पुलिस पदाधिकारी को भी चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.

अनूप नारायण सिंह की रिपोर्ट