पटना को मिला नया ट्रैफिक कॉरिडोर! CM सम्राट चौधरी ने मंदिरी नाला रोड का उद्घाटन किया

पटना को मिला नया ट्रैफिक कॉरिडोर! CM सम्राट चौधरी ने मंदिरी नाला रोड का उद्घाटन किया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 11, 2026, 3:37:00 PM

पटना में लंबे समय से ट्रैफिक दबाव झेल रहे इलाकों को बड़ी राहत देने वाली मंदिरी नाला सड़क परियोजना का सोमवार को उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिमोट के जरिए परियोजना का लोकार्पण किया और इसे राजधानी के शहरी ढांचे को बदलने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। हालांकि उद्घाटन के दौरान शिलापट्ट का पर्दा तकनीकी कारणों से अटक गया, जिसके बाद अधिकारियों ने हाथ से पर्दा हटाकर कार्यक्रम पूरा कराया।

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह इलाका वर्षों से जाम की समस्या से परेशान था, लेकिन नई सड़क शुरू होने से यातायात का दबाव काफी कम होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र तेजी से व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित होगा। परियोजना के लिए उन्होंने मंत्री नितिन नवीन और पूरी टीम की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने विकास के साथ कानून-व्यवस्था को भी सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में निवेश और उद्योग तभी आएंगे जब प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी चुनौती का जवाब प्रशासन तेजी से देगा और अपराधियों की पहचान जाति या वर्ग के आधार पर नहीं, बल्कि उनके कृत्यों से होगी।

नाले के ऊपर बनी आधुनिक सड़क

पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा तैयार की गई यह परियोजना एक समय बदबू और गंदगी के लिए चर्चित मंदिरी नाले को आधुनिक शहरी ढांचे में बदलने का प्रयास है। नाले को कवर कर उसके ऊपर सड़क बनाई गई है, जिससे अब इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही संभव हो गई है।

करीब 1289 मीटर लंबी यह सड़क नेहरू पथ (बेली रोड) स्थित तारामंडल क्षेत्र से शुरू होकर जेपी गंगा पथ तक जाती है। इसके साथ 3.5 मीटर चौड़ी सर्विस लेन भी विकसित की गई है। सड़क का नामकरण पूर्व विधायक नितिन नवीन के पिता के सम्मान में ‘नवीन किशोर सिन्हा पथ’ रखा जाएगा।

परियोजना के तहत भूमिगत बिजली व्यवस्था के लिए यूटिलिटी डक्ट बनाए गए हैं, ताकि इलाके को ओवरहेड तारों से मुक्त किया जा सके। इसके अलावा बॉक्स ड्रेन, जल निकासी के लिए स्लुइस गेट, डीसिल्टिंग चैंबर और सफाई कार्य के लिए विशेष रैंप भी तैयार किए गए हैं। सड़क के किनारे स्ट्रीट लाइट, सजावटी रोशनी और हरियाली विकसित कर इसे आकर्षक रूप दिया गया है।

तीन लाख से अधिक लोगों को होगा लाभ

नई सड़क शुरू होने से आयकर गोलंबर से जेपी गंगा पथ तक पहुंचना आसान होगा। इससे PMCH, NMCH, गायघाट, कंगनघाट, दीदारगंज और गुरुद्वारा जैसे प्रमुख इलाकों तक आवागमन तेज होगा। डाकबंगला चौराहे और गांधी मैदान क्षेत्र में लगने वाले ट्रैफिक दबाव को कम करने में भी यह मार्ग मददगार माना जा रहा है।

स्थानीय लोगों के लिए एक और राहत यह है कि वार्ड 21, 24, 25, 26 और 27 का गंदा पानी जिस नाले से गुजरता था, उसकी सफाई और पुनर्विकास के बाद दुर्गंध की समस्या में भी कमी आने की उम्मीद है।

गंगा पथ और अशोक राजपथ को जोड़ने की तैयारी

सरकार ने इस परियोजना को भविष्य के बड़े यातायात नेटवर्क से जोड़ने की योजना भी बनाई है। मंदिरी नाला सड़क को अशोक राजपथ और गंगा पथ से जोड़ने के लिए दो नए संपर्क मार्ग विकसित किए जाएंगे। इनमें एक सड़क बांसघाट क्षेत्र से होकर गुजरेगी, जिससे लोगों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होंगे और शहर के भीतरी हिस्सों में ट्रैफिक दबाव कम होगा।

इस परियोजना की योजना वर्ष 2018 में शुरू हुई थी, लेकिन कोरोना महामारी के दौरान काम प्रभावित होने के कारण निर्माण में देरी हुई।

सरकार ने शुरू किया ‘सहयोग’ हेल्पलाइन और पोर्टल

इसी कार्यक्रम के दौरान बिहार सरकार ने नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ‘सहयोग’ हेल्पलाइन नंबर 1100 और ऑनलाइन पोर्टल भी लॉन्च किया। सरकार के मुताबिक अब लोग घर बैठे सड़क, बिजली, पानी, राशन, पेंशन, भूमि विवाद या अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे।

प्रशासन का दावा है कि शिकायतों का निपटारा 30 दिनों के भीतर किया जाएगा, जिससे आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।