नीतीश कुमार बोले-सामाजिक समरसता और पारस्परिक सद्भाव ही समाज की असली ताकत, जाति और वर्ग के भेदभाव...

जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को पटना के गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी, रोड नंबर-12 में आयोजित भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा-अर्चना में शामिल हुए।

पटना। जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को पटना के गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी, रोड नंबर-12 में आयोजित भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा-अर्चना में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता एवं विधान पार्षद ललन कुमार सर्राफ तथा बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष दीपक कुमार भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर नीतीश कुमार ने कहा कि सामाजिक समरसता, आपसी सद्भाव और पारस्परिक सम्मान किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और साझा सामाजिक परंपराओं के लिए जाना जाता है तथा इस विरासत को बनाए रखते हुए समाज के सभी वर्गों के बीच प्रेम, विश्वास और भाईचारे को मजबूत करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन न केवल हमारी परंपराओं को संरक्षित करते हैं, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत बनाते हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता प्रीतिभोज जैसी पहलें जाति और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर एक साथ बैठने, सहभागिता बढ़ाने और आपसी आत्मीयता को मजबूत करने का संदेश देती हैं।

नीतीश कुमार ने कहा कि समाज में सद्भाव और सहयोग का वातावरण बनाए रखना सभी लोगों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पूजा समिति के पदाधिकारियों और अन्य गणमान्य लोगों ने नीतीश कुमार का स्वागत किया। वहीं उन्होंने उपस्थित लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना।

इस मौके पर ठाकुरबाड़ी पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. रणवीर नंदन, उपाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार, सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी आशुतोष कुमार वर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता अमिताभ सिन्हा, डॉ. एस.बी. लाल, संतोष कुमार, सुबोध श्रीवास्तव, सुधीर सागर, नुपुर प्रसाद, मुरली मनोहर श्रीवास्तव, मनीष कुमार सिन्हा, डॉ. पूनम रमण, अमर कुमार सिन्हा, शालिनी सिन्हा और अमृतांशु शेखर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सोर्स-आईएएनएस