बिहटा। बिहटा थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर निवासी सिद्धनाथ शर्मा साइबर ठगी के शिकार हो गए। उनका मोबाइल फोन गुम होने के बाद उन्होंने एहतियात बरतते हुए संबंधित सिम कार्ड को बंद करवा दिया था। इसके बावजूद साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 1 लाख 69 हजार 608 रुपये की कथित तौर पर ठगी कर ली। बताया जा रहा है कि ठगों ने लगभग दर्जनों अलग-अलग बैंक खातों में यूपीआई के माध्यम से लेनदेन किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मोबाइल गुम होने के कुछ समय बाद सिद्धनाथ शर्मा के मोबाइल पर बैंक खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। लगातार ट्रांजैक्शन के मैसेज देखकर वह घबरा गए और आनन-फानन में ऑनलाइन माध्यम से अपना बैंक खाता फ्रीज करवा दिया, ताकि खाते से आगे किसी प्रकार की निकासी नहीं हो सके।
पीड़ित सिद्धनाथ शर्मा ने इस मामले को लेकर बिहटा थाना में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर साइबर ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान करने और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में साइबर अपराध को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। मोबाइल गुम होने की स्थिति में सिम बंद कराने के साथ-साथ बैंक खाते और यूपीआई सेवाओं को भी तत्काल सुरक्षित करना जरूरी है। पुलिस से मामले की जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की गई है।
बिहटा से मयंक सिंह की रिपोर्ट