बाढ़/बख्तियारपुर : बाढ़ अनुमंडल के बख्तियारपुर के पास बाढ़-मोकामा-पटना फोरलेन पर एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां मजदूरों से भरी एक पिकअप वैन अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में पिकअप पर सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दर्जनों मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पिकअप वैन पर सवार सभी मजदूर मोकामा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं
मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन पर सवार सभी मजदूर मोकामा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सभी मजदूर पिकअप वैन से हाजीपुर में रेलवे से संबंधित कार्य करने जा रहे थे। इसी दौरान बख्तियारपुर के पास अचानक पिकअप वैन अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायल मजदूरों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बख्तियारपुर में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी
आपको बता दें कि चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। दो मजदूरों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना से मजदूरों के परिजनों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।