हवाला नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, 30 लाख कैश बरामद

पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र से हवाला कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की बात सामने आई है। अरण्य बलभद्र अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-101 में पुलिस और इनकम टैक्स विभाग की संयुक्त कार्रवाई चल रही है।

पटना : पटना के बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र से हवाला कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की बात सामने आई है। अरण्य बलभद्र अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर-101 में पुलिस और इनकम टैक्स विभाग की संयुक्त कार्रवाई चल रही है।बताया जा रहा है कि एक कार की टक्कर के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध इनोवा क्रिस्टा का पीछा किया। तलाशी के दौरान गाड़ी से करीब 30 लाख रुपए कैश बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए तीनों लोगों की पहचान संजय कुमार, दिग्विजय ठाकुर और पटेल कारण कुमार सिंधाभाई के रूप में बताई जा रही है। तीनों के गुजरात का रहने वाला होने की जानकारी सामने आई है।

आरोपी गुजरात से इनोवा क्रिस्टा में कैश लेकर निकले थे और कोलकाता में रकम की डिलीवरी दी जानी थी

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी गुजरात से इनोवा क्रिस्टा में कैश लेकर निकले थे और कोलकाता में रकम की डिलीवरी दी जानी थी। इसी सिलसिले में तीनों पटना पहुंचे थे। पुलिस और इनकम टैक्स विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि बरामद रकम किसकी है और इसका पूरा नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। बताया जा रहा है कि इस हवाला नेटवर्क का कारोबार करीब तीन हजार करोड़ रुपए का होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस आंकड़े और हवाला नेटवर्क से जुड़े अन्य दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसी मामले को लेकर पटना में अलग-अलग ठिकानों पर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी और जांच जारी है। एजेंसियां बरामद रकम के स्रोत, डिलीवरी नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।

पटना से राजन कुमार की रिपोर्ट