रहस्यमय तरीके से लापता हुई केवी की छात्रा, ट्रैक पर मिला स्कूल ड्रेस व बैग

राजधानी से हैरान करने वाली खबर है। यहां केंद्रीय विद्यालय में दसवीं की एक छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता बतायी जा रही है। छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद गायब हो गयी।

राजधानी से हैरान करने वाली खबर है। यहां केंद्रीय विद्यालय में दसवीं की एक छात्रा रहस्यमय तरीके से लापता बतायी जा रही है। छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद गायब हो गयी। रेलवे ट्रैक पर उसका स्कूल ड्रेस और बैग पडा हुआ मिला। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार राजधानी के दानापुर स्थित केंद्रीय विद्यालय खगौल की दसवीं क्लास की एक छात्रा स्कूल की छुट्टी के बाद रहस्यमय ढंग से लापता हो गईं है। छात्रा के देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन करनी शुरू की। इसी क्रम में उसका स्कूल ड्रेस और बैग रेलवे ट्रैक पर पडा हुआ मिला। किसी अनहोनी की आशंका होते देख परिजनों ने दानापुर रेलवे स्टेशन से आगे सरारी गुमटी के पास सड़क को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से छात्रा की जल्द खोजबीन करने की गुहार लगाई है। 

बताया जा रहा है कि लापता छात्रा के पिता संजय कुमार रेलवे में कार्यरत हैं। वह लोको रेलवे कॉलोनी क्वार्टर नंबर 602 A में रहते हैं। छात्रा कक्षा दस में पढती है। परिजनों के अनुसार छात्रा सोमवार की सुबह आठ बजे स्कूल गयी थी। स्कूल की छुट्टी 1.40 बजे हो जाने के बाद भी वह अपने घर नहीं लौटी। परिजनों ने जब स्कूल में जाकर इस बात की जानकारी ली तो यह सामने आया कि छात्रा छुट्टी के बाद घर के लिए निकल चुकी है। जब आशंकित परिजनों ने खोजबीन शुरू किया तब छात्रा का पूरा स्कूल ड्रेस, स्कूल बैग और आईकार्ड रेलवे ट्रैक पर पडा हुआ मिला।

परिजनों का यह भी कहना था कि स्थानीय खगौल थाने में उन्होंने लिखित शिकायत को दर्ज कराया लेकिन थाना प्रभारी द्वारा अगले दिन कार्रवाई करने की बात कही गयी। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए उनलोगों ने जल्द बरामदगी के लिए दानापुर नेउरा मुख्य सडक को सरारी गुमटी के पास जाम कर दिया।

करीब चार घंटे तक चले हंगामें के बाद पुलिस के आश्वासन पर वहां से आक्रोशित लोगों ने जाम हटाया। इस संबंध में डीएसपी ने बताया कि पुलिस लापता छात्रा की खोजबीन में लगी हुई है। डॉग स्क्वायड की टीम बुलाकर स्कूल में भी छानबीन की गई है। स्कूल के सीसीटीवी फुटेज में छात्र अपने एक दोस्त के साथ जाती हुई दिखाई है। फिलहाल पुलिस हर पहलू की जांच करते हुए छात्र की खोजबीन में जुटी हुई है।


पटना से राजन की रिपोर्ट