पटना: राज्य के जमुई जिले में स्कूली छात्रा के साथ दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न की घटना की स्थलीय जांच के लिए कांग्रेस ने उच्चस्तरीय कमिटी गठित की है। कमिटी में आठ सदस्य हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम के निर्देश पर यह कमिटी 23 सितंबर को जमुई पहुंचकर पीड़िता के परिजनों से मुलाकात करेगी।
पार्टी के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने मंगलवार को जानकारी दी कि इस घटना को बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने गंभीरता से लिया है। जिसके बाद बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम ने घटना की स्थलीय जांच तथा पीड़िता एवं उसके परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों की एक उच्चस्तरीय कमिटी का गठन किया है।
इस कमिटी में जिन प्रदेश पदाधिकारियों को शामिल किया गया है उनमें मिन्नत रहमानी, पंकज यादव, प्रो (डॉ.) कुमारी अनिता, डॉ. गौरव सिंह, जीतेन्द्र नाथ पटेल, पूनम यादव, सूरज यादव और मेनका कुमारी शामिल हैं।
यह उच्चस्तरीय कमिटी 23 सितंबर 2026 को जमुई पहुंचकर घटना की स्थलीय जांच करेगी तथा पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर घटना से संबंधित तथ्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करेगी। जाँच कमिटी स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से भी मुलाकात करेगी और मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी।