CM सम्राट चौधरी ने गांधी मैदान में पहली बार फहराया तिरंगा, बोले- रक्षा-बंधन से स्कूल-कॉलेजों में पुलिस दीदी होंगी तैनात

बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह धूमधाम से मनाया गया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झंडोत्तोलन किया।

बिहार समेत देश भर में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है।बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह धूमधाम से  मनाया गया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झंडोत्तोलन किया।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुबह 9 बजे गांधी मैदान में तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इससे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली और वंदे मातरम् गाया। मुख्यमंत्री के रूप में गांधी मैदान में यह उनका पहला ध्वजारोहण रहा। पिछली बार वह यहां उपमुख्यमंत्री के रूप में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल हुए थे।

झंडोतोलन के बाद सीएम सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा-आजादी केवल अधिकार नहीं जिम्मेदारी भी है। बिहार की आबादी का लगभग 85% गांवों में बसती है। इसलिए महीने के आखिरी रविवार को पंचायत दिवस कार्यक्रम शुरू कराया गया है। जिससे गांवों की समस्याओं का समाधान होगा।

सरकार महिलाओं के लिए लगातार काम कर रही है। देश में सबसे अधिक महिला पुलिस बल बिहार में है। बिहार के स्कूल-कॉलेजों में पुलिस दीदी की तैनाती रहेगी। रक्षा-बंधन से इसकी शुरुआत होगी। ये छात्रों की सुरक्षा के लिए स्कूटी के साथ तैनात रहेंगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा-बिहार में शिक्षा, उद्योग और खेल को आगे बढ़ाने का लक्ष्य है। आज के इस ऐतिहासिक दिन मैं बताना चाहूंगा कि हम अगले नवंबर तक 5 लाख करोड़ रुपए का निजी निवेश लाएंगे।

समारोह में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। इसके अलावा राज्य सरकार के 13 विभागों की ओर से अलग-अलग विषयों और विकास योजनाओं पर आधारित झांकियां निकाली जाएंगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहारवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज देश स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह गौरवशाली अवसर उन वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का है, जिनके संघर्ष से देश को स्वतंत्रता मिली।

मुख्यमंत्री ने आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनके उच्च आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य और देशवासियों से आपसी भाईचारा, मेल-जोल, सद्भाव और सहिष्णुता का वातावरण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की आजादी को अक्षुण्ण रखने के लिए सभी को अपनी एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। साथ ही देश को प्रगति, समृद्धि और विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने तथा दुनिया में भारत का नाम रोशन करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

बता दें कि गांधी मैदान में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुल 13 विभागों की झांकियां निकाली गयीं। इन झांकियों के माध्यम से बिहार की प्राकृतिक विरासत, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण, ऊर्जा, उद्योग, सुरक्षा और विभिन्न सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई झांकियों में कृषि विभाग की स्मार्ट खेती आधारित झांकी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। झांकी में आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक खेती और किसानों की बदलती भूमिका को आकर्षक मॉडल के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली गई झांकी में जीविका और पशुपालन विभाग की थीम को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया गया। झांकी में पशु संसाधन केंद्र, पशु स्वास्थ्य सेवाओं, पशु आहार, टीकाकरण और आधुनिक पशुपालन के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने का संदेश दिया गया।