बिहार विधानसभा-विधान परिषद में प्रेम कुमार और अवधेश नारायण सिंह ने फहराया तिरंगा, आजादी के अमर नायकों को किया नमन

बिहार विधानसभा परिसर और बिहार विधान परिषद में भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराया गया। विधानसभा परिसर में अध्यक्ष प्रेम कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि विधान परिषद परिसर में सभापति अवधेश नारायण सिंह ने तिरंगा फहराया।

बिहार समेत देश भर में आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी पटना में भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर गांधी मैदान समेत सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में तिरंगा फहराया गया। इसी कड़ी में बिहार विधानसभा परिसर और बिहार विधान परिषद में भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराया गया। विधानसभा परिसर में अध्यक्ष प्रेम कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि विधान परिषद परिसर में सभापति अवधेश नारायण सिंह ने तिरंगा फहराकर देश की आजादी के अमर नायकों को नमन किया। इससे पहले बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में स्वतंत्रता दिवस 2026 समारोह धूमधाम से  मनाया गया। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने झंडोत्तोलन किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सुबह 9 बजे गांधी मैदान में तिरंगा फहराकर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इससे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली और वंदे मातरम् गाया। मुख्यमंत्री के रूप में गांधी मैदान में यह उनका पहला ध्वजारोहण रहा।

बिहार विधानसभा परिसर में विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने तिरंगा फहराया। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि आजादी केवल एक राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि देशवासियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है।

विधानसभा अध्यक्ष ने इस अवसर पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और संविधान के मूल्यों को आगे बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं। विधानसभा परिसर में मौजूद लोगों ने भी ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान में हिस्सा लिया। पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय एकता के संदेश से गूंज उठा।

वहीं बिहार विधान परिषद परिसर में सभापति अवधेश नारायण सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के दौरान परिषद के सदस्य, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभापति ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अतीत को याद करने के साथ-साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी एहसास कराता है। आजादी के बाद देश ने लोकतंत्र, विकास और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में लंबी यात्रा तय की है। अब नई पीढ़ी के सामने देश को और मजबूत बनाने की जिम्मेदारी है।

बता दें कि गांधी मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। इसके अलावा राज्य सरकार के 13 विभागों की ओर से अलग-अलग विषयों और विकास योजनाओं पर आधारित झांकियां निकाली गई। इन झांकियों के माध्यम से बिहार की प्राकृतिक विरासत, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तीकरण, ऊर्जा, उद्योग, सुरक्षा और विभिन्न सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।