बिहार में फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड, 20–21 जनवरी को बारिश के आसार

पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह धूप निकलते ही लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Jan 16, 2026, 11:09:00 AM

पटना समेत बिहार के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह धूप निकलते ही लोगों को ठंड से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। पहाड़ी इलाकों में अचानक शुरू हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी राज्यों में दिखने लगा है। उत्तर भारत में ठंड एक बार फिर तेज हो गई है और इसका प्रभाव आने वाले दिनों में बिहार में भी साफ तौर पर महसूस किया जाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम दिशा से लगातार ठंडी और शुष्क हवाएं बिहार की ओर बढ़ रही हैं। इन हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में फिर गिरावट दर्ज की जा सकती है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 8 जिलों में घने कोहरे की आशंका जताई है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सुबह और देर रात विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बीते 24 घंटों के दौरान बिहार के करीब 20 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया। कई जगहों पर तापमान में लगभग 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ गई है। कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है, जो इस सीजन की सबसे ठंडी रातों में से एक मानी जा रही है।

मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो 17 जनवरी के आसपास एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इसके प्रभाव से 20 और 21 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बारिश के कारण ठंड और बढ़ने की संभावना है, साथ ही कोहरे का असर भी ज्यादा देखने को मिल सकता है।

हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव आने की उम्मीद है। 22 जनवरी के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और ठंड से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। तब तक लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।