‘संवाद से सहयोग’ के जरिए जिलों से जुड़ेंगे CM सम्राट चौधरी, DM-SP संग करेंगे समीक्षा बैठक

‘संवाद से सहयोग’ के जरिए जिलों से जुड़ेंगे CM सम्राट चौधरी, DM-SP संग करेंगे समीक्षा बैठक

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 11, 2026, 12:19:00 PM

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सोमवार को राज्य के प्रशासनिक ढांचे के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल संवाद करने जा रहे हैं। ‘संवाद से सहयोग’ नामक इस कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीधी बातचीत करेंगे। बैठक दोपहर 12:30 बजे आयोजित होगी।

सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस ऑनलाइन बैठक में राज्य सरकार के कई मंत्री भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के दौरान जिलों में चल रही विकास परियोजनाओं की स्थिति, कानून-व्यवस्था की समीक्षा तथा प्रशासनिक कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों की मौजूदा स्थिति का फीडबैक लेने के साथ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी कर सकते हैं। सरकार का फोकस योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को अधिक प्रभावी बनाने पर रहेगा।

राज्य सरकार इस पहल को प्रशासन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम कदम मान रही है। ‘संवाद से सहयोग’ कार्यक्रम का उद्देश्य जिलास्तर पर लंबित मुद्दों की पहचान कर उनका जल्द निपटारा सुनिश्चित करना है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से लोगों तक पहुंच सके।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद सम्राट चौधरी पहले भी सभी जिलों के डीएम और एसपी के साथ बैठक कर चुके हैं। उस दौरान भी उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही और प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर दिया था।