बिहार में ठंड का कहर: 24 जिलों में कोल्ड-डे, 12 में घने कोहरे का रेड अलर्ट

बिहार इस समय कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में शुक्रवार को पहली बार इस सीजन का कोल्ड डे दर्ज किया गया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Dec 20, 2025, 9:09:00 AM

बिहार इस समय कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में है। राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में शुक्रवार को पहली बार इस सीजन का कोल्ड डे दर्ज किया गया। दिन के समय भी ठंड का असर इतना तेज रहा कि लोगों को रात जैसी ठिठुरन महसूस हुई।

मौसम विभाग के अनुसार, यह स्थिति 22 दिसंबर तक बनी रह सकती है। हवा में नमी का स्तर 90 प्रतिशत से अधिक दर्ज किया गया है, जिससे ठंड का असर और ज्यादा बढ़ गया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर भी काफी कम हो गया है, जो कोल्ड डे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

पटना समेत बिहार के 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, आज यानी शनिवार को मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी 38 जिलों में कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें से 12 जिलों में घने कोहरे के लिए रेड अलर्ट, जबकि 26 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय दृश्यता बेहद कम रही। 

मौसम विभाग के अनुसार, देर रात और सुबह के दौरान विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है। इसका सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ रहा है।

घने कोहरे और ठंड की वजह से सड़क यातायात, रेल सेवाएं और हवाई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि सड़कों पर वाहन चालकों को खासा सतर्क रहने की जरूरत है।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अत्यधिक ठंड और कोहरे के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, गर्म कपड़ों का उपयोग करें और विशेष रूप से सुबह और रात के समय सावधानी बरतें।