बीपीएससी TRE-4 अभ्यर्थियों ने महाआंदोलन का ऐलान किया है। BPSC TRE 4 की वैकेंसी जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी आज पटना में प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे थे और जल्द नोटिफिकेशन जारी करने की मांग कर रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए बल प्रयोग किया। इस दौरान कई छात्रों को चोट लगने की भी सूचना है। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पटना के जेपी गोलंबर पर अभ्यर्थियों का हंगामा हुआ है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया है। कई अभ्यर्थियों के घायल होने की खबर है जेपी गोलंबर के आसपास यातायात प्रभावित हो गया है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति को नियंत्रित करने में प्रशासन जुटा हुआ है। अभ्यर्थियों ने विज्ञापन जारी करने की मांग की है और पुराने पैटर्न पर परीक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि सरकार भर्ती प्रक्रिया में देरी कर रही है, जिससे अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
दरअसल छात्र नेता दिलीप ने महाआंदोलन का ऐलान किया है। अभ्यर्थियों का मार्च पटना कॉलेज से निकलकर अशोक राजपथ, बिखना पहाड़ी, मछुआ टोली, खेतान मार्केट, बाकरगंज और गांधी मैदान होते हुए BPSC कार्यालय तक जाएगा। TRE 4 विज्ञापन में लगातार हो रही देरी को लेकर छात्रों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से TRE-4 के विज्ञापन का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक आयोग की ओर से कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई है। आंदोलनकारी अभ्यर्थी जल्द विज्ञापन जारी करने और भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि बीपीएससी TRE-4 के तहत कुल 46,595 पदों पर भर्ती की जाएगी। बिहार लोक सेवा आयोग को इसके लिए अधियाचना पिछले फरवरी महीने में ही मिल चुकी थी। जिसे शिक्षा विभाग की ओर से वापस ले लिया गया और इसे वार्षिक कैलेंडर में भी शामिल कर लिया गया है। संभावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा 22 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएगी, जबकि परिणाम नवंबर 2026 में जारी होने की संभावना है। हालांकि अब तक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बनी हुई है।