बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए एक साथ 427 अधिकारियों और पदाधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। 30 जून की देर रात जारी हुई विभिन्न विभागों की अधिसूचनाओं के बाद राज्यभर में नई तैनातियों को लेकर हलचल तेज हो गई। बड़ी संख्या में लोग ट्रांसफर सूची देखने के लिए सरकारी वेबसाइट पर पहुंचे, जिससे कुछ समय के लिए पोर्टल की गति प्रभावित हो गई।
बिहार में हर वर्ष जून माह को स्थानांतरण सत्र के रूप में देखा जाता है। इसी क्रम में इस बार भी विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर अधिकारियों की नई पोस्टिंग की गई है। प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत जिन विभागों में 30 जून तक स्थानांतरण की कार्रवाई पूरी नहीं हो पाती, वहां बाद में भी अधिसूचनाएं जारी की जाती हैं।
इस बार समाज कल्याण विभाग में सबसे अधिक 151 बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO) का तबादला किया गया है। वहीं ग्रामीण विकास विभाग में 68 प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा श्रम संसाधन विभाग के 117 पदाधिकारियों, सहकारिता विभाग के 58 अधिकारियों, भवन निर्माण विभाग के 30 अभियंताओं तथा स्वास्थ्य विभाग में भी कई अधिकारियों के तबादले किए गए हैं।
ग्रामीण विकास विभाग की अधिसूचना के अनुसार कई बीडीओ को नए प्रखंडों में पदस्थापित किया गया है। भवन निर्माण विभाग में कार्यपालक अभियंताओं की नई तैनाती की गई है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग कॉलेजों के प्राचार्यों के स्थानांतरण संबंधी आदेश जारी किए हैं। सहकारिता विभाग में भी सहायक निबंधकों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
इतने बड़े पैमाने पर हुए प्रशासनिक फेरबदल को राज्य सरकार नियमित स्थानांतरण प्रक्रिया का हिस्सा बता रही है। वहीं विभिन्न विभागों में नई तैनाती के बाद अधिकारी जल्द ही अपने-अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देंगे।
अनूप नारायण सिंह