बिहार सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक सरकारी सेवाओं और शिकायत निवारण प्रणाली को अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की दिशा में नई पहल करने जा रही है। इसी क्रम में राज्य सरकार आज ‘सहयोग’ नाम से एक विशेष हेल्पलाइन सेवा और ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत करेगी, जिसका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री सचिवालय से दोपहर 12:30 बजे इस नई व्यवस्था का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और विजेंद्र यादव की मौजूदगी भी रहेगी।
सरकार की ओर से शुरू की जा रही हेल्पलाइन सेवा का नंबर 1100 निर्धारित किया गया है, जबकि नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं sahyog.bihar.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी दर्ज करा सकेंगे। इस पहल को बिहार सरकार के सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने तैयार किया है, ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई हो सके।
राज्य सरकार ने इसके साथ एक और व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के तहत हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को विशेष सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में स्थानीय स्तर पर लोगों की शिकायतों को सुनकर उनका त्वरित और प्रभावी निपटारा करने का प्रयास किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि तकनीक आधारित यह नई प्रणाली प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करेगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुंच को और बेहतर बनाएगी।