बिहार: एक्साइज इंस्पेक्टर के 5 ठिकानों पर EOU की छापेमारी, करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा

बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU ने सिवान जिले में पदस्थापित एक्साइज इंस्पेक्टर अंकेश कुमार गोंड के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में छापेमारी की है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 09, 2026, 12:29:00 PM

बिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU ने सिवान जिले में पदस्थापित एक्साइज इंस्पेक्टर अंकेश कुमार गोंड के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में EOU की टीम ने गुरुवार को उनके 5 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ रेड मारी है। उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड के पटना, मुंगेर और सिवान समेत 5 ठिकानों पर छापेमारी हुई है। उन पर 2.36 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति का आरोप है। विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट मिलने के बाद यह कार्रवाई हुई है। 

दरअसल बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में उत्पाद निरीक्षक अंकेश कुमार गोंड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है। बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध विभाग की ओर से 9 जुलाई 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अंकेश कुमार गोंड के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 13/26 दर्ज किया गया है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) सहपठित धारा 13(1)(बी), यथासंशोधित 2018, के तहत दर्ज किया गया है।

EOU के अनुसार, विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि उत्पाद निरीक्षक के पद पर कार्यरत अंकेश कुमार गोंड ने अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है। मामले में जांच के दौरान प्रथम दृष्टया करीब 2 करोड़ 36 लाख 31 हजार रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का साक्ष्य सामने आने का दावा किया गया है।

EOU की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 201.97 प्रतिशत अधिक बताई गई है। मामले में विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित की गईं और पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया गया।

इन पांच ठिकानों पर चल रही तलाशी

आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमों ने पटना, मुंगेर और सिवान में स्थित पांच परिसरों पर कार्रवाई शुरू की है। इनमें पटना के दानापुर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सुल्तानपुर स्थित आवास, मुंगेर के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला चंदनबाग स्थित पैतृक आवास और मोहल्ला लल्लूपोखर स्थित व्यावसायिक भवन शामिल हैं। इसके अलावा सिवान शहर स्थित आरोपी का उत्पाद विभाग कार्यालय कक्ष और सिवान के चित्रगुप्त नगर, थाना नगर क्षेत्र में स्थित किराये के आवास पर भी अलग-अलग टीमों द्वारा तलाशी की कार्रवाई की जा रही है।

आय और संपत्ति के स्रोतों की जांच

आर्थिक अपराध इकाई अब आरोपी अधिकारी की चल-अचल संपत्तियों, बैंकिंग लेन-देन, निवेश, जमीन और भवन से जुड़े दस्तावेज, आय के वैध स्रोतों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है। तलाशी के दौरान बरामद दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों के सत्यापन के बाद ही संपत्ति का अंतिम आकलन सामने आएगा। EOU ने अपनी प्रेस विज्ञप्ति में स्पष्ट किया है कि तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद मामले की विस्तृत जानकारी अलग से दी जाएगी। फिलहाल जांच और तलाशी अभियान जारी है।