बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार के जन्मदिन के अवसर पर बिहारशरीफ स्थित जिला दत्तक गृह में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अनाथ बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया गया और बच्चों के बीच मिठाई, किताब, कॉपी, कलम, पेंसिल, चॉकलेट समेत अन्य उपयोगी सामग्री का वितरण किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सह जदयू नेता प्रेम कुमार सिन्हा और जदयू नेता अधिवक्ता अमित कुमार उर्फ रिक्की ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के साथ केक काटने के बाद फलदार पौधों का वृक्षारोपण भी किया गया। इस अवसर पर जेडीयू नेताओं ने कहा कि निशांत कुमार आने वाले समय के भविष्य हैं और अपनी ईमानदार छवि के लिए पहचाने जाते हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग लगातार बेहतर काम कर रहा है, जिसका लाभ बिहार की जनता को मिल रहा है। आने वाले समय में उनके कुशल मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग और आगे बढ़ेगा तथा लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने निशांत कुमार के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए बिहार की सेवा में निरंतर योगदान देने की शुभकामना दी।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट