नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र के कोसुक गांव स्थित सनबीम सेंट्रल स्कूल के हॉस्टल में छात्र की मौत के बाद स्कूल में पठन-पाठन बंद कर दिया गया है। इससे यहां पढ़ने वाले करीब साढ़े आठ सौ छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। स्कूल में दसवीं तक पढ़ाई होती है, जिसका रजिस्ट्रेशन भी हो चुका है। अभी चार माह का सिलेबस बाकी है।
अभिभावकों और शिक्षकों के बीच हुई बातचीत में शिक्षक स्कूल संचालन के लिए तैयार दिखे, लेकिन सुरक्षा को लेकर प्रशासन से माहौल बनाने की मांग की गई। अभिभावकों का कहना है कि पठन-पाठन जल्द चालू किया जाए, नहीं तो बच्चों का भविष्य खराब हो जाएगा।
उन्होंने थाना और प्रशासन से स्कूल को निर्बाध रूप से चालू करने और छात्र की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
शिक्षकों का कहना है कि घटना दुखद है, लेकिन स्कूल बंद होने से सैकड़ों छात्रों की पढ़ाई और शिक्षकों के जीविकोपार्जन पर असर पड़ रहा है। जांच चलती रहे, दोषियों पर कार्रवाई हो, लेकिन निर्दोष न फंसें। सभी ने जिला प्रशासन से स्कूल को सुचारू रूप से चालू करने की मांग की है।
नालंदा से मिथुन कुमार की रिपोर्ट