मुजफ्फरपुर में एटीएम उखाड़कर ले जाने की कोशिश, पुलिस ने की फायरिंग, फिर..

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने सोमवार देर रात भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एक एटीएम को गैस कटर से काटकर उखाड़ने और उसमें रखी नकदी समेत ले जाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से बदमाशों की यह कोशिश नाकाम हो गई।

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने सोमवार देर रात भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एक एटीएम को गैस कटर से काटकर उखाड़ने और उसमें रखी नकदी समेत ले जाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से बदमाशों की यह कोशिश नाकाम हो गई। पुलिस के मौके पर पहुंचने और फायरिंग करने के बाद अपराधी एटीएम को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने कैश से भरी एटीएम मशीन को सुरक्षित बरामद कर लिया है। घटना जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसही स्थित डूंगरी रोड की है।  

जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात कुछ अज्ञात बदमाश एसबीआई के एटीएम को निशाना बनाकर गैस कटर से काट रहे थे। इसके बाद उन्होंने मशीन को उखाड़ लिया और उसे गाड़ी पर लोड करने लगे। इसी दौरान पुलिस को इसकी गुप्त सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने सदर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नवलेश आजाद को पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर भेजा। 

पुलिस टीम को अचानक मौके पर पहुंचता देख बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने अपराधियों को खदेड़ने के लिए फायरिंग की। पुलिस की कार्रवाई के बाद बदमाश एटीएम मशीन को मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। 

डीएसपी टाउन-2 दीपक कुमार ने मंगलवार को बताया कि घटना के समय पुलिस की गश्ती टीम इलाके में मौजूद थी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, जिसके बाद अपराधी एटीएम छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने उनका पीछा भी किया। उन्होंने कहा कि बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम काम कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। 

डीएसपी ने बताया कि एसबीआई के अधिकारियों और एटीएम संचालन से जुड़े कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मशीन की जांच की है। शुरुआती जांच में एटीएम का वॉल्ट पूरी तरह सुरक्षित पाया गया है और उसमें रखी नकदी भी सुरक्षित है। घटना के बाद पुलिस, बैंक अधिकारियों और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि इस वारदात में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी और जांच जारी है। 

सोर्स-आईएएनएस