नेपाल की बारिश ने बढ़ाई चिंता, सिकरहना का बढ़ता जलस्तर, सुगौली के कई गांवों में बाढ़ का खतरा

मोतिहारी के सुगौली शहर से होकर गुजरने वाली सिकरहना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी किनारे बसे सुकुल पाकड़, दक्षिणी मंसिघा, करमवां समेत कई गांवों में बाढ़ की आशंका से लोगों में दहशत का माहौल है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 16, 2026, 5:01:00 PM

मोतिहारी के सुगौली शहर से होकर गुजरने वाली सिकरहना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी किनारे बसे सुकुल पाकड़, दक्षिणी मंसिघा, करमवां समेत कई गांवों में बाढ़ की आशंका से लोगों में दहशत का माहौल है। 

नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों के लोगों की चिंता और बढ़ गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर निगरानी तेज कर दी है और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रखा गया है। 

प्रशासन भले ही बाढ़ से निपटने की पूरी तैयारी का दावा कर रहा हो, लेकिन हर साल की तरह इस बार भी लोगों के मन में सवाल है कि खतरा बढ़ने पर राहत और बचाव कार्य कितने प्रभावी साबित होंगे। 

बारिश का मौसम अभी बाकी है और यदि नेपाल में वर्षा का सिलसिला जारी रहा तो सिकरहना नदी विकराल रूप ले सकती है। ऐसे में प्रशासन की तैयारियों की असली परीक्षा अब शुरू होने वाली है।

मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट