मोतिहारी पुलिस ने एक बार फिर नशा के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शन की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय तस्करी गिरोह का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के जमला रोड स्थित माँ पटन देवी कार्गो सर्विसेज के रास्ते दो युवक काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR05BS-0699) से नशीले इंजेक्शन लेकर रक्सौल की ओर जाने वाले हैं।
सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष और दंडाधिकारी नवनीत प्रकाश के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल कार्गो सर्विसेज की ओर आती दिखाई दी। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों को दबोच लिया। पकड़े गए युवकों के पास से मोटरसाइकिल सहित तीन कार्टन बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों की पहचान रमेश महतो (29 वर्ष), निवासी नोनियाडीह थाना रक्सौल और गुड्डू कुमार (19 वर्ष), निवासी पचपोखरिया थाना महुअवा के रूप में हुई। जब कार्टनों में रखे सामान के बारे में सख्ती से पूछताछ की गई, तो उन्होंने बताया कि उसमें नशीले इंजेक्शन हैं, जिन्हें नशे के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
आरोपियों ने खुलासा किया कि यह खेप पटना से माँ पटन देवी ट्रांसपोर्ट के माध्यम से विकास साह (ग्राम परेवा, थाना रक्सौल) द्वारा बुक कराई गई थी, जिसे नेपाल के परसा जिले के मधुवल निवासी प्रभु साह तक पहुंचाना था। इस जानकारी के बाद पुलिस को अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह के सक्रिय होने के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने बरामद इंजेक्शनों को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, गिरोह में शामिल अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट