पूर्वी चंपारण पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल के एक तस्कर को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई मधुबा थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। मधुबा थाना पुलिस ने सूखा नशा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सिरकहटी माई स्थान के पास छापेमारी कर नेपाल के बारा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र निवासी मुन्ना कुमार, पिता महादेव यादव, को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 13.400 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट