पूर्वी चंपारण में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी बीच मोतिहारी के तुरकौलिया प्रखंड से एक दर्दनाक हादसे का वीडियो सामने आया है। जहां अतिक्रमण हटाने के दौरान एक मकान का हिस्सा अचानक बुलडोजर के ऊपर ही गिर गया।
बताया जा रहा है कि प्रशासन की टीम अतिक्रमित मकान को हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान बुलडोजर जैसे ही मकान को तोड़ रहा था, तभी अचानक मकान का बड़ा हिस्सा भरभराकर मशीन के ऊपर आ गिरा।
गनीमत रही कि बुलडोजर चालक ने खतरे को भांपते हुए तुरंत तत्परता दिखाई और समय रहते वहां से मशीन हटा ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बुलडोजर अतिक्रमित मकान को गिरा रहा है और देखते ही देखते मकान का हिस्सा मशीन पर आ गिरता है। फिलहाल प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है।
रिपोर्टर ..सोहराब आलम..जिला पूर्वी चम्पारण