मोतिहारी : भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बापू सभागार में 25 बिहार बटालियन एनसीसी की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद एवं रक्षा संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
31 अक्टूबर भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है - सांसद राधा मोहन सिंह
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद राधा मोहन सिंह ने कहा कि 31 अक्टूबर भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक है। सरदार पटेल ने अपनी अद्भुत इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता के बल पर स्वतंत्रता के बाद 562 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी। उनका जीवन हमें सिखाता है कि राष्ट्र की एकता और अखंडता सर्वोपरि है।
भाषा, वेशभूषा और संस्कृति अलग-अलग होने के बावजूद हमारी पहचान एक है, हम भारतीय हैं - BJP MP
'एक भारत श्रेष्ठ भारत' शिविर में बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ से आए एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाषा, वेशभूषा और संस्कृति अलग-अलग होने के बावजूद हमारी पहचान एक है हम भारतीय हैं। विविधता में एकता ही भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने वाली संस्था है। कैडेट्स को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि राष्ट्र की अमूल्य शक्ति हैं। उन्हें जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
इस खास कार्यक्रम में कई बड़े लोग मौजूद थे
कार्यक्रम में एनसीसी निदेशालय बिहार एवं झारखंड के अपर महानिदेशक मेजर जनरल रविंद्र सिंह, एनसीसी ग्रुप मुख्यालय मुजफ्फरपुर के ग्रुप समादेष्टा ब्रिगेडियर संजीव मेहरोत्रा, मछुआरा आयोग के अध्यक्ष ललन सहनी, विधायक प्रमोद कुमार, उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार, नगर आयुक्त आशीष कुमार सहित कई अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं हजारों की संख्या में एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।
मोतिहारी से प्रकाश सिंह की रिपोर्ट