हरसिद्धि प्रखंड मुख्यालय स्थित सीडीपीओ कार्यालय पर लगा राष्ट्रीय ध्वज पिछले चार-पांच दिनों से झुकी अवस्था में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि तिरंगे को साधारण डंडे के सहारे लगाया गया है, जिससे वह नीचे की ओर लटक रहा है। रात में कार्यालय परिसर में पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण तिरंगा अंधेरे में भी नजर नहीं आता।
स्थानीय निवासी नवल सहनी ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि राष्ट्रध्वज देश की आन-बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल तिरंगे को सम्मानजनक स्थिति में लगाने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए जिला प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट