न्याय की राह रोकने के लिए रची गई एक खौफनाक साजिश को मोतिहारी पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया है। वर्ष 2016 के चर्चित हत्याकांड के एक अहम गवाह की हत्या की तैयारी कर रहे दो शूटरों को पुलिस ने हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि गवाह की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी।
गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के पहल चौक के समीप छापेमारी कर दो अपराधियों को दबोच लिया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में अपराधियों ने खुलासा किया कि पकड़ीदयाल थाना कांड संख्या 65/2016 के हत्याकांड के गवाह माधोलाल सहनी की हत्या की साजिश जेल में बंद अपराधी राणा सिंह ने रची थी। उसी के इशारे पर दोनों शूटर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डुमरियाघाट निवासी नीरज तिवारी और संग्रामपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी कुंदन ठाकुर उर्फ अवनीश ठाकुर के रूप में हुई है। चकिया डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि मामले में जेल से संचालित आपराधिक नेटवर्क और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों के मंसूबों पर पानी फिर गया है।
पूर्वी चंपारण से सोहराब आलम की रिपोर्ट