जिला स्तरीय विद्युत समिति की बैठक राधा कृष्ण भवन में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद राधा मोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के विधायक एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने खराब ट्रांसफार्मरों के समय पर नहीं बदले जाने, लगातार बाधित बिजली आपूर्ति, स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी, अधिकारियों की मनमानी, कृषि फीडर की समस्याएं, बिजली तारों की चोरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व्यवस्था की बदहाली जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि जिले में बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से काम कर रही है, जिससे भविष्य में बिजली व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का निर्देश दिया।
रिपोर्टर ...सोहराब आलम...जिला पूर्वी चम्पारण