मोतिहारी में मिलावटी पेट्रोल के अवैध कारोबार के खिलाफ नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लखौरा जाने वाली एनएच पर घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को पकड़ा।
पुलिस को देखते ही चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे दबोच लिया। वाहन की तलाशी में 1989 लीटर मिलावटी पेट्रोल बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चकिया थाना क्षेत्र के बरमादिया निवासी चंदन कुमार, पिता हरिशंकर पंडित के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पेट्रोल टैंकर से तेल कटिंग कर उसे अलग-अलग इलाकों में खपाने वाले गिरोह से जुड़ा है। मिलावटी तेल को गांवों में सस्ते दाम पर बेचने की बात भी सामने आई है। अब पुलिस पूछताछ के जरिए इस पूरे नेटवर्क के सप्लायर और अन्य सदस्यों तक पहुंचने में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
मोतिहारी से सोहराब आलम की रिपोर्ट