मधुबनी: बिस्फी प्रखंड के सिमरी निवासी विकास यादव का शव जफरा पंचायत भवन के समीप बोरे में बंद झाड़ी में फेंका हुआ मिला था। पुलिस प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शव सिमरी पहुंचने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने सिमरी चौक पर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड में शामिल आरोपितों की अविलंब गिरफ्तारी एवं अन्य मांगों को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। घटना की सूचना पर बेनीपट्टी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस पदाधिकारी हत्या के आरोप का सामना कर रहे जफरा निवासी मनीष कुमार चौपाल के घर पहुंचे, जहां मनीष कुमार चौपाल सहित परिवार के सभी सदस्य फरार मिले। पुलिस को घटनास्थल और आरोपित के घर से हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाली कई सामग्री हाथ लगी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि विकास यादव की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की? परिजनों को न्याय कब मिलेगा और आरोपितों की गिरफ्तारी कब होगी? फिलहाल पूरे मामले पर इलाके के लोगों की नजर पुलिस प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
मधुबनी से पांडव कुमार यादव की रिपोर्ट