मधुबनी: मिथिलांचल संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता इंजीनियर गौरी शंकर यादव को आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। आम आदमी पार्टी की प्रदेश कमेटी द्वारा उन्हें राज्य कार्यक्रम समिति का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उनके मनोनयन से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। प्रदेश अध्यक्ष बनाने जाने के बाद मधुबनी स्थित कार्यालय में इंजीनियर गौरी शंकर यादव का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान समर्थकों और शुभचिंतकों ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
नई जिम्मेदारी मिलने पर ई. गौरी शंकर यादव ने पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, सांसद संजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार यादव और प्रदेश महासचिव केशव किशोर प्रसाद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगे। ई. गौरी शंकर यादव इससे पहले फुलपरास विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार रह चुके हैं। वे लंबे समय से युवाओं और स्थानीय जनसरोकारों के मुद्दों पर सक्रिय हैं तथा मिथिलांचल संघर्ष समिति के माध्यम से क्षेत्रीय समस्याओं को लगातार उठाते रहे हैं।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद ई. गौरीशंकर यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी बिहार में महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ जन आंदोलन चलाएगी। सबसे पहले पेट्रोल-डीजल की कीमत और इथेनॉल मिलावट के खिलाफ जिला स्तर पर कार्यक्रम किए जाएंगे। इथेनॉल और पेट्रोल के मुद्दे पर केंद्र और बिहार सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल में 20% तक इथेनॉल मिलाने का फैसला आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा रहा है।
नई जिम्मेदारी से संगठन को मिलेगी मजबूती
स्वागत समारोह में मौजूद लोगों ने कहा कि इंजीनियर गौरी शंकर यादव लंबे समय से मिथिलांचल के जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। ऐसे में उन्हें प्रदेश स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से संगठन को मजबूती मिलने के साथ-साथ क्षेत्र की समस्याओं को भी व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है।
समर्थकों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और जनसमस्याओं को प्रभावी तरीके से उठाने में नई गति मिलेगी। समर्थकों ने कहा कि मिथिलांचल की आवाज को प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी मिलना क्षेत्र के लिए भी गौरव की बात है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इंजीनियर गौरी शंकर यादव जनहित से जुड़े मुद्दों को और मजबूती के साथ उठाएंगे।