ASI की गोलीबारी से व्यक्ति की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल, घटना से इलाके में मचा हड़कंप, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी

मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ गांव में सोमवार की देर रात एक पुलिस एएसआई द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मधुबनी : मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र अंतर्गत बलिराजगढ़ गांव में सोमवार की देर रात एक पुलिस एएसआई द्वारा की गई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान अशोक यादव के रूप में हुई है

आपको बता दें कि मृतक की पहचान 50 वर्षीय अशोक यादव के रूप में हुई है। वहीं, गोलीबारी में फुलो देवी, बिजेंद्र यादव और धनिक लाल यादव गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मंगलवार की अहले सुबह मृतक के परिजन एवं ग्रामीण शव के पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचे। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने बताया कि मृतक के छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार के सामने अब उनके भरण-पोषण की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।

SSP ने घटनास्थल पर पहुंचकर की जांच

घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बाबूबरही थाने में तैनात आरोपी एएसआई सोमवार की रात बगल के गांव में एक युवती के घर पहुंचे थे। वहां ग्रामीणों ने उन्हें देख लिया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एएसआई को पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया।

खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपी एएसआई ने अपनी सर्विस पिस्टल से गोलीबारी कर दी - SSP

एसएसपी के अनुसार, खुद को घिरा हुआ देखकर आरोपी एएसआई ने अपनी सर्विस पिस्टल से गोलीबारी कर दी। इस दौरान चार लोग गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान अशोक यादव की मौत हो गई। वहीं, अन्य तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया।

आरोपी ASI की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपी पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी के विरुद्ध मामले की जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना के बाद बलिराजगढ़ गांव में तनाव और शोक का माहौल है। ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मधुबनी से पांडव कुमार यादव की रिपोर्ट