मधेपुरा: बीएन मंडल विश्वविद्यालय की संबद्ध इकाई आरपीएम डिग्री कॉलेज, तुनियाही में सेमेस्टर-6 की CIA परीक्षा के नाम पर छात्रों से 1100 रुपये शुल्क लिए जाने का मामला सामने आया है। मंगलवार को छात्रों ने शुल्क वसूली का विरोध किया, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने 15 और 16 सितंबर को प्रस्तावित CIA परीक्षा को स्थगित कर दिया।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन की ओर से 1100 रुपये जमा किए बिना परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं देने की बात कही जा रही थी। इस संबंध में कॉलेज की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है। प्रभारी प्रधानाचार्य की ओर से 11 सितंबर को जारी नोटिस में प्रायोगिक परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों से 1100 रुपये परीक्षा शुल्क लिए जाने का उल्लेख किया गया है। कुछ छात्रों ने शुल्क जमा भी किया है, जिन्हें कॉलेज की ओर से रसीद दी गई है।
वहीं, कई छात्रों ने शुल्क वसूली का विरोध किया। छात्रों का कहना है कि उन्होंने कॉलेज के स्टाफ से इस संबंध में बात की, लेकिन उनकी आपत्ति पर सुनवाई नहीं हुई। विरोध करने पर छात्रों को कॉलेज से बाहर निकाले जाने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
मामला सामने आने के बाद छात्रों ने बीएनएमयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरुण कुमार झा से शिकायत की। परीक्षा नियंत्रक ने स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय की ओर से CIA परीक्षा के लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित करने या वसूली का कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है।
मधेपुरा से रविकांत कुमार की रिपोर्ट