मां काली पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल, बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु

किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत पौआखाली थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में मां काली पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। मंदिर परिसरों में पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और परंपरागत कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां की गई हैं।

किशनगंज: किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत पौआखाली थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में मां काली पूजा को लेकर भक्तिमय माहौल बना हुआ है। नगर पंचायत पौआखाली के ननकार स्थित सार्वजनिक काली मंदिर सहित झप्पड़तल, पेटभरी एवं अन्य स्थानों पर मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पारंपरिक रीति-रिवाजों और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की जा रही है।

काली पूजा के अवसर पर आज विशेष रूप से चढ़ावा चढ़ाने और बलि की परंपरा निभाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मंदिर परिसरों में पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और परंपरागत कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां की गई हैं। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी श्रद्धालु मां काली के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन में हर वर्ग के लोगों की भागीदारी देखने को मिल रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, काली पूजा क्षेत्र की पुरानी धार्मिक परंपराओं और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। पूजा स्थलों पर आयोजन समिति के सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

वहीं, शांतिपूर्ण ढंग से पूजा संपन्न कराने को लेकर पौआखाली थाना प्रभारी शंखराज कर्ण के निर्देश पर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। विभिन्न पूजा स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मी चौकसी बरत रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कुल मिलाकर पौआखाली एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में मां काली की भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों की सामूहिक भागीदारी से पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जा रहा है।

किशनगंज से इमामुद्दीन की रिपोर्ट