कटिहार में दिनदहाड़े अपराधियों ने बीच बाजार में अधिवक्ता को गोली मार दी। घटनास्थल पर अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की मौत हो गई। नगर थाना क्षेत्र के कुम्हार टोली, पटेल चौक के पास हुए इस घटना का LIVE फुटेज भी सामने आया है। जिसमें अपराधी द्वारा अधिवक्ता को गोली मारते हुए देखा जा सकता है।
चर्चा यह है कि कोर्ट से जुड़े विवाद में अधिवक्ता को गोली मारी गई है। हालांकि आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। परिजन पुरानी विवाद को लेकर एक आरोपी का नाम लेकर उसी पर इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पुरे मामले के जांच में जुटी हुई है।
घटना के बारे में मृतक के बहनोई मुमताज आलम ने बताया है कि उसका घर नगर थाना क्षेत्र के रामपाडा में है, जहां उसकी बहन तबस्सुम के पड़ोस के रहने वाले आरोपी पक्ष सोखवा और उसके घर वालों के साथ रास्ते के विवाद को लेकर 2 माह पूर्व झगड़ा हुआ था। जिसे लेकर मृतक की बहन ने नगर थाना में मामला दर्ज कराया था।
इसी को लेकर कुछ दिन पूर्व कटिहार न्यायालय परिसर में मृतक अधिवक्ता गुड्डू अंसारी और आरोपी सोखवा के बीच विवाद हुआ था। जिसमें आरोपी में मारने की धमकी भी दी थी और मृतक और उसकी बहन पर थाना से मामला उठाने का दबाव बना रहा था। लेकिन मृतक और उसकी बहन,बहनोई इसके लिए तैयार नहीं थे। जिस कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है।
वहीं कटिहार सदर एसडीपीओ विशाल आनन्द ने बताया कि गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। सीसीटीवी खंगाली जा रही रही है। मृतक की बहन के साथ कोई पुराना विवाद था। सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
कटिहार से तौसीफ की रिपोर्ट