जहानाबाद। स्थानीय अब्दुल बारी नगर भवन में शुक्रवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव-2026 का आगाज हुआ। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय उत्सव का उद्घाटन कला एवं संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी और जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे बच्चों और युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उत्सव के पहले दिन कविता लेखन, चित्रकला, समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत और नुक्कड़ नाटक सहित कई विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीत और लोकनृत्य के माध्यम से बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली। वहीं, नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।
उद्घाटन समारोह में डीएम छिरिंग वाई भूटिया ने कहा कि युवा उत्सव जिले की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का बेहतर मंच है। बिहार सरकार कला एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित कर रही है। इससे युवाओं को अपनी कला निखारने और आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। आने वाले समय में बिहार की सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी।
वहीं, मंत्री प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने कहा कि जहानाबाद की पहचान अब कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में भी स्थापित होगी। सरकार स्थानीय कलाकारों को मंच और अवसर उपलब्ध करा रही है। इससे जिले के कलाकार अपनी प्रतिभा को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा सकेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों सहित कला-संस्कृति से जुड़े लोग मौजूद रहे। 30 और 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस उत्सव में चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा उत्सव में जहानाबाद का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट