जहानाबाद : नगर थाना क्षेत्र के देवरिया मोहल्ले में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के गहने, 45 हजार रुपए नकद और घरेलू सामान चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार दुर्गा पूजा मनाने अपने पैतृक गांव गया था। 23 अक्टूबर की सुबह घर लौटने पर चोरी का पता चला। घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में दहशत है।
भेलई गांव निवासी दिलीप पिछले 7 वर्षों से देवरिया मोहल्ले में मनोज कुमार के मकान में किराए पर रहते हैं
घोसी थाना क्षेत्र के भेलई गांव निवासी दिलीप कुमार पिछले सात वर्षों से देवरिया मोहल्ले में मनोज कुमार के मकान में किराए पर रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 17 अक्टूबर को वह परिवार के साथ दुर्गा पूजा मनाने गांव गए थे। 23 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे वापस लौटे, तो मकान के मुख्य गेट का कब्जा उखड़ा हुआ मिला। कमरे का ताला टूटा था और घर में रखे बक्से बिखरे पड़े थे। पीड़ित के अनुसार, चोर 15 ग्राम की सोने की सिकड़ी, 10 ग्राम का मंगलसूत्र, 10 ग्राम के झुमके, 20 ग्राम का सोने का बाला, चांदी की पायल और करीब 45 हजार रुपए नकद ले गए। इसके अलावा टीवी/एलसीडी, मोबाइल फोन, दो गैस सिलेंडर, पीतल के बर्तनों के दो सेट, महंगे कपड़े और साड़ियां भी गायब हैं।
पहले भी हो चुकी है चोरी, बढ़ी लोगों की चिंता
कांग्रेस नेता संजय कुमार यादव ने बताया कि मोहल्ले में कुछ दिन पहले भी चोरी की घटना हुई थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गश्ती बढ़ाने और खोजी कुत्तों की मदद से जांच कराने की मांग की थी। लगातार चोरी की घटनाओं से लोग अपने घरों को बंद कर बाहर जाने में भी डर महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट