खुली प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी, युवाओं को मिलेगा रोजगार और ट्रेनिंग का मौका, घोसी विधायक ने किया उद्घाटन

जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में शहर के एरोड्राम के समीप प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी की शुरुआत की गई है। इसका उद्घाटन घोसी विधायक ऋतुराज कुमार ने किया।

जहानाबाद : जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में शहर के एरोड्राम के समीप प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी की शुरुआत की गई है। इसका उद्घाटन घोसी विधायक ऋतुराज कुमार ने किया। एजेंसी खुलने से स्थानीय युवाओं में रोजगार की उम्मीद जगी है। यहां महिला और पुरुष दोनों को सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करने के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा।

संस्थान का संचालन BSF के जवान राजीव रंजन के मार्गदर्शन में किया जाएगा

संस्थान का संचालन बीएसएफ के जवान राजीव रंजन के मार्गदर्शन में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के बेरोजगार युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। बीएसएफ में अपनी सेवा के दौरान प्राप्त अनुभव का लाभ अब वे स्थानीय युवाओं को देना चाहते हैं। सेवा से अवकाश के बाद उन्होंने जहानाबाद में ही युवाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण की व्यवस्था शुरू करने का निर्णय लिया।

राजीव रंजन ने कहा- संस्थान को उनकी पत्नी के नाम पर खोला गया है

राजीव रंजन ने बताया कि संस्थान को उनकी पत्नी के नाम पर खोला गया है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं भी डिफेंस और सिक्योरिटी के क्षेत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। इसी सोच के साथ महिलाओं को भी प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा। संस्थान में महिला और पुरुष दोनों अभ्यर्थियों को ट्रेनिंग दी जाएगी।

'डिफेंस और सुरक्षा के क्षेत्र में अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है'

उन्होंने कहा कि डिफेंस और सुरक्षा के क्षेत्र में अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। जो युवा अनुशासन का पालन करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, उन्हें बेहतर ट्रेनिंग देने के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाएगा। अनुशासन के बिना किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करना मुश्किल है। उन्होंने जिले के इच्छुक बेरोजगार युवाओं से कार्यालय पहुंचकर पंजीकरण कराने की अपील की। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे युवाओं को अपने जिले में ही प्रशिक्षण और रोजगार पाने का अवसर मिलेगा।

जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट