नीट पेपर लीक के खिलाफ चले छात्र-युवा आंदोलन की ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में बुधवार को जहानाबाद में एआईएसए, आरवाईए और भाकपा (माले) के संयुक्त तत्वावधान में संकल्प दिवस यात्रा निकाली गई। यात्रा के माध्यम से आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे वापस लेने, गिरफ्तार आंदोलनकारियों की रिहाई और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाई गई।
इस संकल्प दिवस यात्रा की शुरुआत जहानाबाद रेलवे स्टेशन से हुई। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए अरवल मोड़ पहुंची, जहां सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के सदस्य शामिल हुए। प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता की मांग को लेकर नारेबाजी की। यात्रा का नेतृत्व आरवाईए के जिला संयोजक धनंजय कुमार और भाकपा (माले) के जिला सचिव रामाधार सिंह ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक के खिलाफ देशभर में हुए छात्र आंदोलन ने परीक्षा प्रणाली में व्याप्त अनियमितताओं को उजागर किया और सरकार को जवाब देने के लिए मजबूर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान कई छात्र-युवाओं पर मुकदमे दर्ज किए गए और उन्हें गिरफ्तार किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। वक्ताओं ने मांग की कि नीट आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं, गिरफ्तार सभी आंदोलनकारियों को बिना शर्त रिहा किया जाए तथा शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि जब तक शिक्षा व्यवस्था पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह नहीं बनती, तब तक छात्र-युवा आंदोलन जारी रहेगा।संकल्प दिवस यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। आयोजकों ने कहा कि छात्रों के अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित कराने के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट