जहानाबाद: गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री जमा खान जहानाबाद पहुंचे। उन्होंने गांधी मैदान स्थित गांधी पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद उन्होंने जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। मंत्री ने ‘दीदी की रसोई’ से जुड़े कार्यक्रम तथा ‘20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में भी भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन के बाद प्रभारी मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि बिहार लगातार बदल रहा है और राज्य में विकास की गति तेज हुई है। सरकार के नेतृत्व में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें जहानाबाद का प्रभारी मंत्री बनाया गया है और वे अपनी जिम्मेदारी का नियमित रूप से निर्वहन करेंगे। प्रत्येक 15 दिन या महीने में जहानाबाद का दौरा कर जिले की समस्याओं और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
मंत्री ने कहा कि उनका ध्यान शहर की समस्याओं के साथ-साथ स्वास्थ्य व्यवस्था, अस्पताल, शिक्षा और अन्य विकास कार्यों पर रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को भी विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
पत्रकारों ने हाल में उनके द्वारा सदर अस्पताल के निर्माणाधीन भवन के निरीक्षण के दौरान निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर उठाए गए सवालों को लेकर पूछा। इस पर मंत्री ने कहा कि निर्माण में इस्तेमाल हो रही ईंट के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही गुणवत्ता के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की गड़बड़ी या गुणवत्ता में कमी सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने कहा कि वे भविष्य में भी अस्पताल सहित जिले में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर सकते हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जहानाबाद की जिम्मेदारी मिलने के बाद विकास कार्यों में किसी भी तरह की कमी या लापरवाही को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट