जहानाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सामाजिक संस्था रक्त सेवा के तत्वावधान में सदर अस्पताल स्थित रक्त केंद्र में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता में सहयोग करना था।
शिविर में कुल 22 लोग रक्तदान के लिए पहुंचे। चिकित्सकीय जांच के बाद 16 लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान किया। वहीं तीन नेगेटिव ब्लड ग्रुप के रक्तदाताओं को जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने के लिए रिजर्व रखा गया, जबकि तीन लोगों का चिकित्सकीय कारणों से रक्त नहीं लिया जा सका। रक्तदाताओं ने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और इस मानवीय अभियान से जुड़ने की अपील की।
इस अवसर पर रक्तदाताओं को रुद्रा इन्फ्रासर्विस की ओर से सम्मानित किया गया। रक्त सेवा के संयोजक ललित शंकर पाठक ने कहा कि रक्त किसी फैक्ट्री में तैयार नहीं किया जा सकता। जरूरतमंद मरीजों के लिए इसकी उपलब्धता स्वैच्छिक रक्तदाताओं पर निर्भर करती है। उन्होंने स्वस्थ एवं पात्र लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
संस्था के अध्यक्ष रजनीश कुमार उर्फ बीकू ने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव और ऑपरेशन सहित कई परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल रक्त की जरूरत होती है। ऐसे समय में स्वैच्छिक रक्तदाता महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्था की ओर से भविष्य में भी नियमित रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
शिविर के आयोजन में अवनीश कुमार, अमन कौशिक, अमित कैप्टन एवं डिम्पी कुमारी ने सहयोग किया। रक्त केंद्र प्रभारी डॉ. अमर कुमार की देखरेख में टीम ने रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की। टेक्नीशियन राजीव कुमार, विनोद कुमार, संयुक्ता टैगोर एवं रितेश कुमार ने रक्त संग्रह में सहयोग किया। डॉ. अमर कुमार ने स्वस्थ एवं पात्र लोगों से नियमित रक्तदान की अपील की।
जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट