जमुई पुलिस के ऑपरेशन मुस्कान अभियान ने एक बार फिर कई परिवारों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी। शनिवार को साइबर थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी विश्वजीत दयाल एवं साइबर डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में कुल 26 खोए हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। मोबाइल वापस मिलते ही लोगों के चेहरों पर खुशी साफ झलकने लगी। कई लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल फिर से मिल पाएगा, लेकिन जमुई पुलिस की तत्परता और तकनीकी दक्षता के कारण उनकी उम्मीद हकीकत में बदल गई। मोबाइल प्राप्त करने वाले सभी लोगों ने जमुई पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए ऑपरेशन मुस्कान की सराहना की।
इस अवसर पर एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान और उनकी संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने या साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक और साइबर टीम के निरंतर प्रयासों के कारण खोए हुए मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऑपरेशन मुस्कान अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी। इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि तकनीक और संवेदनशील पुलिसिंग के समन्वय से आम लोगों का भरोसा और मजबूत हो रहा है।
जमुई से हेमंत सक्सेना की रिपोर्ट